उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नारकोस” के तहत रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीम ने 15 किलो अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया. बरामद गांजे की अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, चक्रधरपुर मंडल तथा पुलिस अधीक्षक रेल जमशेदपुर के निर्देश पर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में टाटानगर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की. तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 15 किलो गांजा बरामद किया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल यादव (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया का निवासी बताया जा रहा है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा के संबलपुर से लेकर बेतिया जा रहा था. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर रेलवे सुरक्षा बल टाटानगर एवं राजकीय रेल पुलिस थाना प्रभारी की निगरानी में की गई. अभियान का नेतृत्व रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उप निरीक्षक बलबीर प्रसाद ने किया. अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर को नशा तस्करी से मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी.
गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है.


