
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के पुरानी सरजमदा में सोमवार को एक प्रेमी जोड़े को लेकर ग्रामसभा के फैसले के बाद भारी विवाद खड़ा हो गया. युवक ने गंभीर आरोप लगाया है कि ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट कर उसकी जबरन शादी करवा दी. दूसरी तरफ, युवती का कहना है कि वह युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ रहना चाहती है. यह मामला उस समय और अधिक तूल पकड़ गया जब परसुडीह पुलिस दोनों को थाने ले जाने के लिए मौके पर पहुंची और ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेर लिया.
युवती के भाई ने देखा तो बुलाई गई ग्रामसभा की बैठक
जानकारी के अनुसार, पुरानी सरजमदा निवासी संजीद बारी और उसी बस्ती की रहने वाली सोनिया करुआ रविवार को एक साथ बाहर गए थे. इसी दौरान युवती के भाई ने दोनों को साथ देख लिया और इसकी जानकारी तुरंत अपने परिवार तथा गांव के माझी बाबा को दी. इसके बाद इस पूरे मामले को लेकर गांव में एक ग्रामसभा की बैठक बुलाई गई.
युवक का आरोप- मारपीट कर मांग में भरवाया सिंदूर, युवती की अलग दलील
आरोप है कि ग्रामसभा में दोनों की शादी करा दी गई और युवती सोनिया करुआ को युवक के घर में रखने का दबाव बनाया गया. युवक संजीद बारी का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाकर जबरन उससे युवती की मांग में सिंदूर भरवाया गया. वहीं युवती सोनिया ने बताया कि दोनों पिछले चार महीनों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और वह अपनी इच्छा से युवक के साथ रहना चाहती है.
पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की, सरकारी गाड़ी का घेराव
घटना की सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों और माझी बाबा ने पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया. इस दौरान मौके पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस तथा धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. जब पुलिस टीम युवक और युवती को अपने वाहन से थाने ले जाने लगी, तब ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया. इस दौरान कुछ युवक पुलिस गाड़ी के बोनट पर बैठ गए और रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया.
डीएसपी सुमित कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जांच जारी
स्थिति को बिगड़ता देख डीएसपी सुमित कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. परसुडीह और सुंदरनगर थाना पुलिस की मदद से किसी तरह हालात को नियंत्रित किया गया. इस हंगामे के दौरान भीड़ युवक और युवती को पुलिस वाहन से उतारकर अपने साथ ले गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को दोबारा सुरक्षित अपने कब्जे में लिया.
पुलिस अब युवक-युवती के अलावा पुलिस बल के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने वाले कुछ महिला और पुरुषों को पूछताछ के लिए थाने लाई है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस बीच, जहाँ युवती ने प्रेम संबंध और साथ रहने की इच्छा जताई है, वहीं युवक ने प्रेम संबंध से साफ इनकार करते हुए कहा कि दोनों केवल परिचित हैं और गांव के लोगों ने दबाव बनाकर उसकी जबरन शादी करवा दी है. मामले की विधिक जांच चल रही है.

