उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के भालूबासा इलाके में हुए जानलेवा हमले में घायल मानगो के गरीब नवाज़ कॉलोनी निवासी मोहम्मद मुमताज़ उर्फ आशिफ की रांची स्थित रिम्स (RIMS) अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. युवक की मौत के बाद शुक्रवार को पूरे शहर में आक्रोश फूट पड़ा. जैसे ही मुमताज़ का शव जमशेदपुर पहुंचा, गुस्साए स्थानीय लोगों ने शव के साथ मानगो चेपा पुल (Mango Chepa Pul) को जाम कर दिया. इसके कारण NH-33 से मानगो और आजादनगर होते हुए शहर में प्रवेश करने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया. देर रात तक सड़क जाम और लोगों का उग्र विरोध जारी रहा.
15 लाख मुआवजा और मॉब लिंचिंग के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग
सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे. लोग मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपये का मुआवजा देने, फरार चल रहे आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने और इस पूरे मामले में मॉब लिंचिंग (Mob Lynching) के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे. मानगो जाम (Mango Traffic Jam) की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी संख्या में मौके पर पहुंचे और उग्र लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक लोग अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे. चेपा पुल जाम होने से जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
वेल्डिंग का काम करने के दौरान लोहे की रॉड से सिर पर किया था वार
गौरतलब है कि बीते रविवार दोपहर करीब तीन बजे मोहम्मद मुमताज़ भालूबासा इलाके में वेल्डिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए कुछ युवकों ने उन पर लोहे की रॉड से अचानक जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने उनके सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही गिर पड़े. इस खौफनाक घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
TMH से रांची रिम्स रेफर हुए थे मुमताज़, पिता मोहम्मद बशीर का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल मुमताज़ को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया, जहां उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू (ICU) में भर्ती किया गया था. कई दिनों तक टीएमएच में इलाज चलने के बावजूद उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया था. वहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
मृतक के पिता मोहम्मद बशीर ने बताया कि मुमताज़ का किसी से कोई विवाद नहीं था. वह बेहद सीधा था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. परिवार ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके बेटे के साथ इस तरह की दर्दनाक घटना हो जाएगी. मुमताज़ की मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने 2 आरोपियों को किया अरेस्ट, फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी
इस मामले में जमशेदपुर पुलिस (Jamshedpur Police) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है. पुलिस टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. वहीं, दूसरी ओर स्थानीय लोगों में इस जघन्य घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है.


