
उदित वाणी, जमशेदपुर : नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जुगसलाई पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर और 170 रुपये नकद बरामद किए हैं. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. उनके निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई नदी रेलवे पुल के पूर्वी छोर के पास रेलवे ट्रैक के निकट छापेमारी कर दो युवकों को रंगेहाथ पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सरफराज उर्फ तिल्ली (24) और मो. शहबाज उर्फ मन्ना (23) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनके पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3,600 रुपये आंकी गई है.
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे ब्राउन शुगर की एक पुड़िया 100 से 150 रुपये में खरीदकर 250 से 300 रुपये में बेचते थे. जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं.
इस संबंध में जुगसलाई थाना कांड संख्या 46/26, दिनांक 15 जून 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(ए), 22(ए) और 27(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.

