
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के तहत फ्लैट मिलने का इंतजार कर रहे लाभार्थियों में भारी खुशी की लहर है। इस बहुप्रतीक्षित घोषणा के बाद सोमवार को लाभार्थियों ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पर पहुंचकर उनका भव्य अभिनंदन किया। लाभार्थियों ने विधायक को पुष्पगुच्छ (बुके) और शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर आभार प्रकट किया। यह अभिनंदन सह आभार प्रकटीकरण समारोह नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा रविवार को की गई उस घोषणा के बाद आयोजित हुआ, जिसमें उन्होंने आगामी 19 जून 2026 को सभी लाभुकों को उनके फ्लैट की चाबी सौंपने का ऐलान किया है।
विधायक सरयू राय नहीं लड़ते लड़ाई, तो खाली हाथ रह जाते हम
सोमवार अपराह्न ढाई बजे से ही लाभार्थी भारी संख्या में विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर आवास पर जुटने लगे थे। इस दौरान लोग आपस में इसी बात की चर्चा कर रहे थे कि कैसे फ्लैट की चाबी पाने के इस लंबे और थका देने वाले संघर्ष में विधायक सरयू राय चट्टान की तरह उनके साथ खड़े रहे। लोगों ने उनके प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए साफ तौर पर कहा कि अगर विधायक सरयू राय ने हमारी हक की लड़ाई शासन-प्रशासन के सामने न लड़ी होती, तो आज मामला कुछ और ही होता। हम सभी लोग अब तक खाली हाथ ही भटक रहे होते।”
2019 में शुरू हुई थी योजना, 2026 में मिल रही चाबी: सरयू राय
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि आज का दिन उनके लिए भी विशेष और बेहद खुशी का दिन है। आगामी 19 जून को आप सभी को आपके आशियाने (फ्लैट) की चाबी मिल जाएगी।
विधायक सरयू राय के संबोधन की मुख्य बातें:
लाभार्थियों के धैर्य को सलाम: उन्होंने लाभार्थियों की तारीफ करते हुए कहा कि इस लंबी अवधि में आप लोगों ने जो संघर्ष और अद्भुत धैर्य दिखाया है, उसे सलाम करना चाहिए।देर आयद, दुरुस्त आयद: श्री राय ने कहा कि यह योजना साल 2019 में शुरू हुई थी और अब 2026 में जाकर आप लोगों को इसकी चाबी मिलेगी। इसमें काफी विलंब (देरी) हुआ है, लेकिन ‘देर आयद, दुरुस्त आयद’।नगर विकास मंत्री का आभार: उन्होंने इस जटिल प्रक्रिया को सुगम बनाने और सहयोग करने के लिए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
‘अपनी निगरानी में कराएं शेष इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य’ – विधायक की सलाह
सरयू राय ने लाभार्थियों को व्यावहारिक सलाह देते हुए बताया कि वे तीन दिन पहले ही इन फ्लैट्स का व्यक्तिगत निरीक्षण करके आए हैं। फ्लैट कुल मिलाकर ठीक बने हैं, हालांकि अंदर जाकर देखने पर कहीं-कहीं मामूली दरारें दिखी हैं, जो संभवतः काली ईंटों के इस्तेमाल के कारण आई होंगी। सरकारी स्तर पर भी इन फ्लैट्स को हैंडओवर करने का आधिकारिक आदेश आ चुका है और काम तेजी पर है।
उन्होंने लाभार्थियों से कहा: जब आप लोग इस फ्लैट में रहना शुरू करेंगे, तो संभव है कि शुरुआत में कुछ बुनियादी कठिनाइयाँ आएं क्योंकि अभी तक वहां कोई रह नहीं रहा था। इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कुछ काम अभी शेष (बाकी) हैं। वे कार्य अगर आप लोगों के वहां शिफ्ट होने के बाद होंगे तो ज्यादा बेहतर होगा, क्योंकि आप लोग अपनी मौजूदगी में उसे खुद देखकर और अपनी निगरानी में मजबूत तरीके से करवा सकेंगे।”
इस ऐतिहासिक और खुशी के मौके पर मुख्य रूप से नीरज सिंह, सुधीर सिंह, बीरेंद्र सिंह, सन्नी सिंह, कुंअर अतुल सिंह, संजय सिंह, आदित्य मुखर्जी समेत भारी संख्या में पीएम आवास के लाभार्थी उपस्थित रहे।

