
उदित वाणी, रांची: ईडी ने अब ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता रामपुकार राम के आवास पर रेड डाली. बताया गया कि रामपुकार राम विभाग के गिरफतार अभियंता प्रमुख वीरेंद्र राम के काफी करीबी है और ईडी द्वारा वीरेन्द्र राम को रिमांड पर लेकर पूछताछ के दौरान रामपुकार राम को लेकर अहम जानकारी मिली है.
वहीं पता चला कि रामपुकार अपने कुछ सहयोगियों की मदद से कार्यालय से कागजात भी हटवा रहे थे. रामपुकार राम वीरेंद्र राम के साथ मिल कर कमीशन का खेल खेलते थे.
सोमवार को दोपहर 12 बजे ईडी ने रामपुकार के लालपुर स्थित द्वारिकेश अपार्टमेंट के फलैट नम्बर 401 में धावा बोला. बताया गया कि ईडी की टीम को देखते ही रामपुकार राम ने अपना मोबाईल खिड़की के बाहर फेंक दिया और कागजात भी फाड़ने लगा. इसके बाद ईडी ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
इधर धनकुबेर वीरेन्द्र राम को मंहगी कार गिफट देने वाले दो बिल्डरों मेसर्स परमानन्द सिंह बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड व मेसर्स राजेश कुमार कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के मालिकों को समन किया और पूछताछ के लिए 28 फरवरी को ईडी के जोनल ऑफिस में बुलाया गया है.
बताया गया है कि ईडी बिल्डरों से वीरेन्द्र राम के साथ आमने सामने बैठाकर भी पूछताछ करेगा. वहीं ईडी द्वारा कोर्ट से वीरेन्द्र राम की रिमांड अवधि बढ़ाने का भी आग्रह किया जा सकता है.

