
नया एसडीओ कार्यालय भवन, मॉडल डिग्री कालेज की सौगात और 100 बेड का अस्पताल बनाने की घोषणा
मानकी-मुंडा को सरकारी आवास देने की घोषणा
उदित वाणी, सरायकेला : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शनिवार को सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार कार्यक्रम में शामिल हुए.मुख्यमंत्री ने सरायकेला में नये अनुमण्डलीय कार्यालय भवन, मॉडल डिग्री कॉलेज खरसावां, मॉडल डिग्री कॉलेज की सौगात दी. सरायकेला प्रखंड के साहेबगंज गांव में 100 बेड के अस्पताल निर्माण की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने 187 योजनाओं का शिलान्यास, 124 योजनाओं का उद्घाटन किया. 63,856 लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया. इस तरह उन्होंने कुल 1066.81 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं परिसंपत्ति का वितरण किया. आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सरायकेला -खरसावां में अबतक 126 शिविर के जरिए 1,15,644 आवेदन प्राप्त किया, 70,921 आवेदनों का निष्पादन एवं 43,453 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं
अपने संबोधन में श्री सोरेन ने कहा कि राज्य के लोगों को सशक्त पहचान देने लिए 1932 के खतियान आधारित निवास की पहचान का विधेयक विधानसभा से पारित किया इससे पहले सरना धर्म कोड लागू करने की अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजी है. उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के उपक्रमों में 75 प्रतिशत आरक्षण मूलवासी-आदिवासी को प्राप्त हो इसके लिए अलग से शिविर आयोजित होगा.
सरकार ने राज्य के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है.
उन्होंने कहा,”झारखण्ड के मूलवासियों-आदिवासियों को सशक्त पहचान देने के लिए 1932 का खतियान और सरना धर्म कोड को लागू किया गया है. सरकार ने दोनों विधेयक को विधानसभा से पारित करवा नौवीं अनुसूची में शामिल करने हेतु केंद्र सरकार को भेजा है. ताकि यहां के ओबीसी को आरक्षण, मूलवासियों-आदिवासियों को 1932 की पहचान और सरना धर्म कोड मिले.ÓÓ मुख्यमंत्री ने कहा राज्य के मानकी, मुंडा समेत सामाजिक अगुवा को सरकारी आवास देने का कार्य भी जल्द करेगी.
सरकार को खुशी, लोगों की समस्याओं का अब समाधान हो रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा गांव- गांव, पंचायत-पंचायत में शिविर लगाकर सरकार लोगों को उनका अधिकार दे रही है. आपकी सरकार शुरू किए गए कार्यों को मंजिल तक पहुंचाने की मंशा रखती है. आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार को लेकर लोगों के बीच उल्लास का माहौल है. राज्य के मूलवासी आदिवासी की परंपरा और संस्कृति को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं. अगर आप सभी इन योजनाओं का लाभ लेते हैं तो झारखण्ड आगे बढ़ेगा. ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सरकार मजबूत करना चाहती है. अबतक सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में 46 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं. 20 वर्ष में आखिर क्या कार्य हुए, जो इतने आवेदन आ रहें हैं. सरकार खुश है, कि लोगों की समस्याओं का अब समाधान हो रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा राज्यवासी एक हाथ बढ़ाएं, आपके दोनों हाथ को सरकार थाम आपको आगे बढ़ाएगी.
अब बिचौलियों की जरूरत नहीं, अपना मार्ग प्रशस्त करें
मुख्यमंत्री ने कहा पेंशन योजना से बिचौलियों को सरकार ने पेंशन के रास्ते से हटा दिया. अब सभी को सर्वजन पेंशन योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है. इसके लिए किसी बिचौलिए की जरूरत नहीं है. सरकार स्वरोजगार के लिए लोन उपलब्ध करा रही है. जिसके जरिए जरूरतमंद स्वरोजगार अपना कर अपने स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त करें.
देश -विदेश में देंगे शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए सरकार मदद करेगी. सरकार उन्हें योजनाओं से जोड़कर विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी हेतु सहयोग करेगी. साथ ही, अगर कोई प्रतिभाशाली स्टूडेंट विदेश में पढ़ाई करना चाहता है तो उसे भी सरकार मदद करेगी.
ये थे उपस्थित : इस अवसर पर मंत्री चंपाई सोरेन, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बन्ना गुप्ता, विधायक ईचागढ़ श्रीमती सबिता महतो, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे,जिला परिषद अध्यक्ष सोना राम बोदरा, बीस सूत्री उपाध्यक्ष डा. शिवेंदु महतो, कोल्हान आयुक्त, डीआईजी कोल्हान एवं सरायकेला – खरसावां जिला के वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे.

