
उदित वाणी, चाईबासा : चाईबासा समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा संचालित केंद्र एवं राज्य प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के डीएलसी (जीवन प्रमाण पत्र) निर्माण, आधार सीडिंग एवं लाभुकों के भौतिक सत्यापन कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
राज्य प्रायोजित सर्वजन पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के लंबित कार्यों की भी समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि जिन लाभुकों का आधार उपलब्ध नहीं है, उनके लिए सोमवार से विशेष शिविरों का आयोजन प्रत्येक प्रखंड में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आधार निर्माण, आधार सीडिंग एवं डीएलसी निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना में लंबित भौतिक सत्यापन को भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन अनिवार्य है और लाभुकों को समय पर सहायता मिले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। आगामी बैठकों में जिला पंचायती राज पदाधिकारी एवं अग्रणी जिला प्रबंधक की उपस्थिति अनिवार्य करने और सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग को कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ नियमित बैठक कर कार्यों की निगरानी के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक, कार्यालय लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
