उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस एरिया में बुधवार को एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा उस समय हुआ जब कार साईं मंदिर की ओर जा रही थी. अचानक कार के दोनों आगे के टायर फट जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित कार पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि चालक को केवल मामूली चोटें आईं. स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई.
घटना की सूचना मिलते ही क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) मौके पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लिया. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा. क्यूआरटी ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया.
बाद में दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर बिष्टुपुर थाना भेज दिया गया. प्रारंभिक जांच में टायर फटना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा वाहन की तकनीकी स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और वाहन रखरखाव में लापरवाही को ऐसी घटनाओं की बड़ी वजह बताया है.


