उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के लोयोला बीएड कॉलेज के समीप रहने वाले आभूषण व्यवसायी नीरज कुमार वर्मा सोमवार शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं. उनके अचानक गायब होने से परिवार के सदस्यों में चिंता का माहौल है. पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है.
परिजनों के अनुसार नीरज कुमार वर्मा सोमवार की शाम करीब पांच बजे अपने घर से गोलमुरी स्थित आभूषण दुकान जाने के लिए निकले थे. इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और उनसे किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों, मित्रों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
नीरज के लापता होने की सूचना बिरसानगर थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के साथ-साथ संभावित स्थानों और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है. स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
परिजनों ने बताया कि घर से निकलते समय नीरज ने पीले रंग की शर्ट और जींस पहन रखी थी. उनका रंग गेहुंआ है और वे अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर- जेएच 05 बीयू 3259) से निकले थे.
परिवार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नीरज कुमार वर्मा के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल मोबाइल नंबर 8797372995, 9441592937, 8210476103 अथवा 9204166670 पर संपर्क कर सूचना दें. पुलिस ने भी लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि लापता व्यवसायी का जल्द पता लगाया जा सके.


