
उदित वाणी, जमशेदपुर: लगभग 19 साल बाद, जमशेदपुर में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी की संभावना उजागर हुई है. झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के प्रस्ताव पर जिला प्रशासन ने पटमदा अंचल के गांगाड़ा गांव में 49.50 एकड़ भूमि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के लिए चिन्हित की है. यह स्थान शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित है और स्टेट हाइवे से जुड़ा हुआ है.
हाल ही में, JSCA के सचिव और पूर्व क्रिकेटर सौरव तिवारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी, जिसमें उन्होंने स्टेडियम के निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. इसके बाद उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पटमदा, पोटका और जमशेदपुर के आसपास कई स्थानों का निरीक्षण किया और अंततः गांगाड़ा गांव को सबसे उपयुक्त स्थल के रूप में चुना गया.
इस परियोजना में स्टेडियम का निर्माण JSCA द्वारा किया जाएगा, जबकि सड़कों और अन्य आधारभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी जिला प्रशासन पर होगी. जमीन पहले खेलकूद विभाग को सौंपी जाएगी, उसके बाद यह तय किया जाएगा कि JSCA को जमीन मुफ्त दी जाएगी या कुछ शुल्क लिया जाएगा.
इस परियोजना को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वादा किया है कि स्टेडियम के निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में 1983 से 2006 के बीच 10 वनडे मैच खेले गए थे, जिसमें आखिरी मैच 12 अप्रैल 2006 को भारत और इंग्लैंड के बीच हुआ था. इसके बाद टाटा स्टील और JSCA के बीच विवाद के कारण यहां अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन बंद हो गया था.

