उदित वाणी, जमशेदपुर: परसुडीह के गोलपहाड़ी से गोविंदपुर जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर घंटों यातायात बाधित रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गोलपहाड़ी-गोविंदपुर सड़क पिछले करीब चार वर्षों से बदहाल स्थिति में है, लेकिन इसके निर्माण और मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदार और संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया।
लोगों का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई गंभीर सड़क हादसों में लोगों की जान भी जा चुकी है, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी सड़क निर्माण को लेकर स्पष्ट आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।


