
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी), जमशेदपुर में 29 दिसंबर को प्रस्तावित महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम से पूर्व हीं आदित्यपुर ननि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. आदित्यपुर नगर निगम के अंतर्गत क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के अधीन कार्यरत सफाई कर्मियों ने पुनः आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में सफाई कार्य पूर्णतः ठप्प हो गया है. परिणामस्वरुप जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों और विशेष साफ-सफाई पर ग्रहण लग गया है. वेतन और ईएसआई का बकाया न मिलने से आक्रोश आक्रोशित हैं सफाई कर्मी.
सफाई कर्मियों ने बताया कि क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट एजेंसी ने उन्हें 15 दिसंबर तक बकाया वेतन और बोनस का भुगतान करने का लिखित आश्वासन दिया था. परन्तु कंपनी ने इस आश्वासन को पूरा नहीं किया. सफाईकर्मियों का नेत्तृत्व कर रहे ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि विगत 9 दिसंबर को श्रम अधीक्षक कार्यालय में भी इस संबंध में लिखित आदेश दिया गया था. और अब कंपनी और मजदूरों को दोबारा वार्ता के लिए श्रम अधीक्षक कार्यालय में बुलाया गया है.
ईएसआई बकाया होने के कारण नहीं बची मजदूर की जान
सफाईकर्मियों के आक्रोश का मुख्य कारण क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के राजेश हेंब्रम नामक मजदूर की काम के दौरान घायल होने तथा उसके बाद सही इलाज न मिलने से हुई मौत को बताया गया है. जानकारी के अनुसार, घायल मजदूर को उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परन्तु ईएसआई की राशि बकाया होने के कारण उनका उपचार नहीं हो सका और उनकी जान चली गई.
घटना से आक्रोशित सफाईकर्मियों ने नगर निगम गेट पर विरोध_प्रदर्शन भी किया. और उसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी.

