उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने झारखंड और विशेषकर जमशेदपुर में पेट्रोल एवं डीज़ल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आम नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है. पिछले कुछ दिनों से ईंधन की उपलब्धता को लेकर लोगों में अनावश्यक भय का माहौल है, जिससे पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी जा रही है.
चेंबर अध्यक्ष ने उपायुक्त से की वार्ता
चेंबर अध्यक्ष श्री मानव केड़िया ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त श्री राजीव रंजन से इस गंभीर विषय पर विस्तृत चर्चा की. उपायुक्त ने आश्वस्त किया है कि जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं.
जिला प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियों की अहम बैठक
आज उपायुक्त (DC), वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) की मौजूदगी में पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि वर्तमान में घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है और ईंधन की सप्लाई चेन को सुचारु रखने के प्रयास जारी हैं.
वैश्विक परिस्थितियों और अफवाहों का असर
चेंबर ने उल्लेख किया कि मध्य-पूर्व में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण लोगों में चिंता स्वाभाविक है. हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह के बाद आशंकाएं बढ़ी हैं, लेकिन अफवाहों से स्थिति और बिगड़ सकती है. चेंबर ने याद दिलाया कि कैसे एलपीजी गैस की किल्लत की आशंका को भी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई से सुलझा लिया था.
पेट्रोल पंपों पर पारदर्शिता की मांग
सिंहभूम चेंबर ने पेट्रोलियम कंपनियों के समक्ष एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया है. चेंबर ने सवाल किया कि यदि आपूर्ति पर्याप्त है, तो पंपों पर “स्टॉक उपलब्धता बोर्ड” क्यों नहीं लगाया जा रहा? पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर पंप पर उपलब्ध स्टॉक की जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए ताकि जनता में भ्रम न फैले.
नागरिकों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जमशेदपुर के निवासियों से निम्नलिखित सहयोग की अपील की है:
ईंधन का उपयोग केवल आवश्यकतानुसार ही करें.
अनावश्यक भंडारण (Over Stocking) से बचें.
सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें.
प्रशासन और सरकार की व्यवस्था पर भरोसा रखें.


