उदित वाणी, आदित्यपुर : इंटक जिलाध्यक्ष के पी तिवारी ने सालडीह बस्ती, आदित्यपुर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल में मजदूर वर्ग के मरीजों को पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है. इस संबंध में श्री तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने आज अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से मुलाकात कर उन्हें माँग पत्र सौंपा.
माँग पत्र के अनुसार, अस्पताल में मजदूर वर्ग के मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही है, जिसके कारण गर्मी के समय उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है. भीषण गर्मी के समय मरीजों का ऑपरेशन किया जा रहा है और उन्हें एक ही वॉर्ड में रखा जा रहा है, जिसकी वजह से मजदूरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
एयर कंडीशनर की कमी की वजह से ऑपरेशन वाले जगह पर पसीनों होने के कारण इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है. अस्पताल में डॉक्टर्स, नर्स की भी कमी है, दवाइयां ठीक नहीं हैं, एक्स-रे मशीन खराब हैं और अल्ट्रासाउंड सेवाएं भी ठीक नहीं हैं. और मजदूर श्रेणी के लोग बाहर में उपचार के लिए पैसे देने को मजबूर हैं.
जबकि अधिकारी अपने चैंबर में मूक-बधिर बनकर बैठे हुए हैं. चिकित्सा अधीक्षक ने आगामी डेढ़ से दो माह की अवधि के दौरान अस्पताल के सभी वॉर्डों में उक्त व्यवस्था लागू कराने की बात कही. इस अवसर पर इंटक के कोल्हान प्रभारी सह प्रदेश सचिव राणा सिंह, अनिल चौधरी, शशि आचार्या, प्रकाश ओझा, रिंकू सिंह उपस्थित थे.


