उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच शुक्रवार को पुलिस एक अलग और सख्त अंदाज में नजर आई. साकची थाना क्षेत्र स्थित जुबिली पार्क के समीप फुटपाथी दुकानों के पास अचानक बड़ी संख्या में पुलिस जवान और अधिकारी पहुंच गए. देखते ही देखते पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
राहगीरों और दुकानदारों की ली गई तलाशी
पुलिस ने फुटपाथी दुकानदारों, ग्राहकों और आने-जाने वाले राहगीरों की सघन तलाशी शुरू कर दी. कई लोगों को रोककर उनके बैग और सामान की जांच की गई. अचानक हुई इस कार्रवाई से लोग कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि मामला क्या है.
बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की कोशिश
हालांकि पुलिस की ओर से इस औचक अभियान को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध लोगों की पहचान के उद्देश्य से यह विशेष जांच अभियान चलाया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में कुछ समय के लिए तनाव और हलचल का माहौल बना रहा.


