
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लगभग 9:00 बजे जंक्शन रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. यह रेस्टोरेंट साकची गुरुद्वारा के सामने स्थित है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग किचेन में गैस चूल्हे के पास भड़की, जिसके बाद तेजी से धुआं फैलने लगा. धुआं उठता देख कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी और ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकाला.
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया. अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन किचेन का कुछ सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया.
स्थानीय पुलिस ने स्थल का निरीक्षण कर रेस्टोरेंट प्रबंधन से पूछताछ शुरू कर दी है. आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने दमकल टीम की तत्परता की सराहना की, जिससे बड़ी क्षति टल गई. प्रशासन ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है.

