
उदित वाणी, चाईबासा : टोंटो थाना क्षेत्र के पुरनापानी में हड़िया पीने को लेकर हुए विवाद में 50 वर्षीय पारा टीचर मुकरु देवगम की पत्थर व डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. ग्रामीण मुंडा की सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित छापेमारी की.
तकनीकी शाखा की मदद से 30 नवंबर को केंजरा गांव से 25 वर्षीय सोमा सुन्ही, 20 वर्षीय सीनू गौड़ व 20 वर्षीय मंगल कारोया को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपियों ने साप्ताहिक बाजार के दौरान हड़िया-रासी पीने के विवाद में हत्या कबूल की. पुलिस ने खून लगे पत्थर, डंडा, मिट्टी व कपड़े बरामद कर लिए.
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर राफाएल मुर्मू, थाना प्रभारी सुकुमार हेम्ब्रम, पुअनि राजीन रंजन मिश्रा, रणधीर कुमार, सियारटीयन मुर्मू, हवलदार अशोक झा, आरक्षी ललित केरोबिन बाड़ा व रतिया उरांव शामिल रहे. तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे कार्रवाई की जा रही है.

