उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में देर रात वाहन चोरी का प्रयास करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि घटना 4 दिसंबर की रात करीब 12 बजे की है. गौसनगर साल बागान निवासी अफजल फैज ने पुलिस को फोन कर सूचना दी थी कि उनके घर के बाहर खड़ी कार और मोटरसाइकिल का लॉक एक युवक खोलने की कोशिश कर रहा है.
सूचना मिलते ही कपाली ओपी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके में जांच-पड़ताल शुरू की. घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में स्पष्ट दिखा कि एक युवक वाहन का लॉक तोड़ने का प्रयास कर रहा था. इसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू की.
फुटेज एवं स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने गौसनगर और उसके आसपास सघन छापेमारी अभियान चलाया. जांच के क्रम में संदिग्ध युवक की पहचान गौसनगर फुटबॉल मैदान स्थित बिस्मिल्लाह हॉल के समीप रहने वाले मोहम्मद सलामत अंसारी (23 वर्ष) के रूप में हुई. पुलिस ने उसे उसके ठिकाने से हिरासत में ले लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले खुद को निर्दोष बताने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के सामने वह टिक नहीं सका. पुलिस ने उसके खिलाफ वाहन चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है. ओपी प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह किसी वाहन चोरी गैंग से जुड़ा है या नहीं.
गुरुवार की सुबह पुलिस ने सलामत अंसारी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि अपराध रोकने में मदद मिल सके.


