
उदित वाणी, जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र में आम के एक बगीचे में आग लगाकर पेड़-पौधों को नष्ट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. यह मामला कोवाली के मजगांव निवासी पोल्टू मंडल की ओर से दर्ज कराया गया है, जिसमें उन्होंने अनुप मंडल, महितोष मंडल और जयंत मंडल को नामजद आरोपी बनाया है.
पीड़ित पोल्टू मंडल के अनुसार यह घटना 10 जनवरी की देर रात करीब डेढ़ बजे के आसपास की है. उस समय उन्हें सूचना मिली कि उनके आम के बगीचे में आग लगी हुई है. खबर मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां देखा कि बगीचे के कई आम के पेड़ और पौधे जलकर नष्ट हो चुके थे. आग से बगीचे को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया.
पोल्टू मंडल ने बताया कि किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई पेड़ पूरी तरह झुलस चुके थे. घटना के बाद वे सीधे कोवाली थाना पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपियों के साथ उनका पूर्व से ही विवाद चल रहा है. इसी पुराने विवाद के चलते साजिश के तहत उनके बगीचे में आग लगाई गई है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. जल्द ही आरोपियों से भी पूछताछ की जाएगी.
ग्रामीण इलाके में इस घटना से दहशत का माहौल है. किसानों में चिंता है कि आपसी रंजिश के चलते इस तरह की वारदातें भविष्य में और बढ़ सकती हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

