
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर बोड़ाम थाना क्षेत्र के पगदा गांव के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पल्सर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई. यह दुर्घटना किसी अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है. युवक के सिर पर हेलमेट लगा हुआ था, इसके बावजूद उसके सिर में गंभीर चोट पाई गई और घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून जमा मिला, जिससे टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा रात करीब 10 बजे के बाद हुआ होगा. अंधेरा और सुनसान सड़क होने के कारण घटना की किसी को भनक तक नहीं लगी. शनिवार सुबह करीब सात बजे जब ग्रामीण उस मार्ग से गुजरे तो सड़क किनारे नाले में पड़े शव पर उनकी नजर पड़ी. इसके बाद तत्काल बोड़ाम थाना को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने हलूदबनी ओपी के पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को सड़क किनारे नाले से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिस भी यही मान रही है कि युवक को किसी भारी वाहन ने कुचल दिया होगा, जो हादसे के बाद फरार हो गया.
मृतक की बाइक का नंबर जेएच 05बीबी-2198 है. इस नंबर के आधार पर वाहन मालिक का नाम संजय कुमार महतो तथा पता बालीगुमा (एमजीएम, मानगो थाना क्षेत्र) बताया जा रहा है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बाइक स्वयं संजय कुमार महतो चला रहे थे या कोई अन्य युवक.
थाना प्रभारी के अनुसार, हेलमेट होने के बावजूद सिर में गंभीर चोट और मौके पर ही मौत होना भारी वाहन से टक्कर की ओर इशारा करता है. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजकर शिनाख्त का प्रयास कर रही है. वहीं, घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.

