
उदित वाणी, धनबाद : कोयलांचल की होनहार बेटी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि धनबाद की प्रतिभाएं राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाने में सक्षम हैं. धनबाद के टेलीफोन एक्सचेंज रोड, हारमनी हाइट्स निवासी अनिल गुप्ता एवं गीता गुप्ता की सुपुत्री आकृति गुप्ता का चयन सोनी टीवी के लोकप्रिय बिजनेस रियलिटी शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ के लिए हुआ है.
आकृति इस प्रतिष्ठित मंच पर अपने स्टार्टअप ‘LOOPIE’ (लूपी) को देश के जाने-माने निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी. उनके चयन की खबर सामने आते ही पूरे धनबाद जिले में, विशेषकर मारवाड़ी समाज और युवाओं के बीच, हर्ष और गर्व का माहौल बन गया है.
शैक्षणिक उत्कृष्टता की मिसाल
आकृति गुप्ता बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं. उन्होंने धनबाद पब्लिक स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और दसवीं की परीक्षा में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. इसके बाद उन्होंने केआईआईटी विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और देश के सर्वोच्च प्रबंधन संस्थान भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद से प्रबंधन की डिग्री हासिल की.
कॉर्पोरेट से स्टार्टअप तक का प्रेरक सफर
प्रबंधन की पढ़ाई पूरी करने के बाद आकृति ने देश की कई प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. हालांकि नवाचार और उद्यमिता के प्रति उनके जुनून ने उन्हें पारंपरिक नौकरी से आगे बढ़कर स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित किया. इसी सोच, मेहनत और दूरदृष्टि का परिणाम ‘LOOPIE’ स्टार्टअप के रूप में सामने आया, जिसने उन्हें ‘शार्क टैंक इंडिया’ जैसे राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया.
6 जनवरी को होगा राष्ट्रीय प्रसारण
आकृति गुप्ता का यह विशेष एपिसोड 6 जनवरी की रात 10 बजे सोनी टीवी और सोनी लिव ऐप पर प्रसारित किया जाएगा. यह क्षण न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे धनबाद जिले के लिए गर्व और उत्साह का अवसर होगा.
समाज और जिले के लिए गर्व का क्षण
उल्लेखनीय है कि आकृति गुप्ता, धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता की पुत्री हैं. उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए एक सशक्त प्रेरणास्रोत के रूप में सामने आई है.
शहरवासियों से अपील
धनबादवासियों से आग्रह है कि 6 जनवरी की रात 10 बजे इस कार्यक्रम को अवश्य देखें और धनबाद की इस होनहार बेटी का उत्साहवर्धन करें.

