
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना पुलिस ने सोमवार देर शाम स्वर्णरेखा नदी से एक युवक का शव बरामद किया. मृतक की पहचान बिरसा नगर निवासी उमंग मुखी के रूप में की गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि बीते 2 जनवरी को पंचवटी नगर निवासी सलोनी मुखी का शव उसके कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया था. उस समय सलोनी की बहन सारथी मुखी ने पुलिस को सूचना दी थी और आरोप लगाया था कि उसकी बहन की हत्या उसके पति उमंग मुखी ने की है. घटना के बाद से ही उमंग फरार था.
सोमवार को उमंग का शव स्वर्णरेखा नदी से बरामद हुआ, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या के बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली. पुलिस का मानना है कि पत्नी की मौत के बाद पुलिस की कार्रवाई के डर और सामाजिक बदनामी से बचने के लिए उमंग ने यह कदम उठाया होगा.
बताया जा रहा है कि उमंग के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह ससुराल में घर-जमाई के रूप में रहता था. पिछले कुछ महीनों से उसके और पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. घटना के दिन उसी ने अपनी साली को फोन कर सलोनी के फंदे से लटके होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद से वह लापता हो गया था.
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

