
उदित वाणी आदित्यपुर: सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर के जूनियर विंग में शुक्रवार को रेड डे का भव्य आयोजन हुआ. विद्यालय परिसर लाल रंग की थीम से सराबोर दिखा, जहाँ नन्हे-मुन्ने बच्चे लाल परिधान में खिलते-खिलखिलाते नजर आए. शिक्षक–शिक्षिकाएँ भी लाल वस्त्रों में बच्चों का उत्साह बढ़ाती दिखीं.
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बाँधा समा
कार्यक्रम की शुरुआत मनमोहक संगीत प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे माहौल को आनंदमय बना दिया. बच्चों ने रेड डे की थीम पर विभिन्न रोचक गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया.
प्रधानाचार्य ने की सराहना
प्रधानाचार्य रामा शंकर सिंह ने बच्चों की सहभागिता व शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रंगों की पहचान और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करते हैं.
शिक्षा को मनोरंजक बनाने का प्रयास
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार रेड डे का उद्देश्य बच्चों को रंगों से परिचित कराना, सीखने को मनोरंजक बनाना और उनकी सृजनात्मक क्षमताओं को निखारना था. बच्चों ने उत्साहपूर्वक गतिविधियों में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बना दिया.

