
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को आजाद बस्ती से लक्ष्मीनगर जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे टाटा मोटर्स की बस और एक बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे के तुरंत बाद बाइक सवार युवक बीच सड़क पर ही हंगामा करने लगा. उसका गुस्सा इतना बढ़ गया कि करीब आधे घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम जनजीवन प्रभावित हुआ. इस दौरान राहगीरों, ऑफिस से लौट रहे कर्मचारियों और स्कूल की ओर जा रहे अभिभावकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी.
स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार युवक नशे में था और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक ने ही लापरवाही से बस में टक्कर मार दी, जिसके बाद वह खुद उल्टा हंगामा करने लगा. गर्मी और भीड़ के बीच लोग परेशान होकर सड़क खाली कराने की मांग करते रहे, लेकिन युवक के उपद्रव के कारण स्थिति बिगड़ती चली गई.
घटना की जानकारी मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने पहले सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया और दोनो तरफ जाम में फंसे वाहनों को सावधानी से निकालकर यातायात बहाल करवाया. हंगामा कर रहे युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने भेज दिया. पुलिस का कहना है कि युवक की मेडिकल जांच कराई जाएगी.
स्थानीय लोगों ने बताया कि जेम्को चौक से लक्ष्मीनगर तक जाने वाली सड़क काफी संकरी है. दोनों ओर लगी दुकानों के कारण सड़क और भी संकरी हो जाती है, जबकि इसी मार्ग से टाटा मोटर्स की भारी वाहन और कर्मचारी बसें गुजरती हैं. लोगों ने कहा कि इस कारण इलाके में रोजाना जाम लगता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. उन्होंने प्रशासन से सड़क चौड़ीकरण, अवैध अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार की मांग की है.

