
उदित वाणी जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदुमपुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 35 वर्षीय राजेश प्रधान ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह करीब 7 बजे परिजनों ने उसे कमरे में लटकता देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर कानूनी प्रक्रिया के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, राजेश पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसका इलाज रांची में चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, वह पहले एक राशन दुकान में काम करता था, लेकिन मानसिक स्थिति बिगड़ने के बाद उसने काम छोड़ दिया था और घर पर ही रहता था। परिवार में उसकी पत्नी, एक बेटा और मां शामिल हैं। परिजन भी उसके व्यवहार में लगातार बदलाव देखते थे, लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
हालांकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घर के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या किसी प्रकार का पारिवारिक या आर्थिक दबाव इस घटना का कारण बना।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना से पूरे परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहे व्यक्ति की स्थिति को नजरअंदाज न करें और समय पर इलाज और परामर्श देने का प्रयास करें।
