
उदितवाणी, बहरागोड़ा: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 49 पर सोमवार को बेला चौक के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें कार सवार तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कार जमशेदपुर से ओडिशा के बारीपदा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया, जिसके कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई।
घटना में जमशेदपुर के बर्मामाइन्स निवासी विकास मिश्रा, घाटशिला निवासी जगन्नाथ भगत, और एक महिला घायल हुईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा भेजा।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद विकास मिश्रा और जगन्नाथ भगत की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं महिला को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

