
उदितवाणी, आदित्यपुर: दिन्दली बस्ती जाने वाले मुख्य मार्ग पर रविवार को बिजली का एक खंभा अचानक गिर गया, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शेरे पंजाब चौक से दिन्दली बस्ती को जोड़ने वाले इस रास्ते पर खंभा गिरने से न सिर्फ यातायात बाधित हुआ है, बल्कि लोगों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली का खंभा टूटकर सड़क पर गिरने के बावजूद कई लोग उसके नीचे से आने-जाने को मजबूर हैं, जो बेहद खतरनाक स्थिति है. इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
ग्रामीणों ने आदित्यपुर नगर निगम और जेबीवीएनएल से आग्रह किया है कि खंभे को जल्द से जल्द हटाया जाए और बिजली आपूर्ति की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यहां किसी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता.

