उदित वाणी, जमशेदपुरः बाबा बैजनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित निशुल्क कांवर यात्रा में इस वर्ष छः सौ शिवभक्त कांवर यात्रा पर जाएंगे। ये लोग टाटानगर से सुल्तानगंज, सुल्तानगंज से देवघर और फिर देवघर से बाबा बासुकीनाथ धाम की यात्रा पर जाएंगे। यह जानकारी बाबा बैजनाथ सेवा संघ के संस्थापक विकास सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में दी।
मानगो बड़ा हनुमान मंदिर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विकास सिंह ने बताया कि निशुल्क कांवर यात्रा का यह चौथा वर्ष है। वर्ष 2017 में 151 कांवरियों के साथ यात्रा की शुरुआत हुई थी। कोरोना काल के बाद इस बार सरकार के आदेश के बाद शिव भक्तों में कांवड़ यात्रा शुरू होने की काफी खुशी देखी जा रही है। श्री सिंह ने बताया कि 11 बड़ी बस और दस छोटी गाड़ी से शिव भक्तों का जत्था आगामी 17 जुलाई को मानगो के हीरा होटल मैदान से सुल्तानगंज की लिए रवाना होगा। इसके लिए 26 जून से पंजीयन शुरू होगा। पहले आए छः सौ लोगों का पंजीयन होगा। सभी शिव भक्तों को एक रंग का वस्त्र संघ के द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कांवरिया पथ में शिव भक्त जत्थे से बिछड़ ना जाएं। सुल्तानगंज से लेकर देवघर के बीच में कांवरियों को ठहरने के लिए धर्मशाला और टेंट को आरक्षित कर लिया गया है। प्रत्येक ठहराव में निरामिष भोजन, सोने की व्यवस्था के साथ-साथ उम्दा कलाकारों के द्वारा भजन का कार्यक्रम भी सुनिश्चित किया गया है। संघ के जत्थे में सभी प्रकार की दवा के साथ डॉक्टर भी जा रहे हैं, जिसका कांवरियों को समय-समय पर लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पचास की संख्या में सेवक बम कांवरियों की सेवा करने के लिए जत्थे में जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा में शामिल जो कांवरिया केवल फल का सेवन कर कांवर ले कर चलना चाहते हैं उनके लिए संघ के द्वारा सभी प्रकार की फल की व्यवस्था की जाएगी। सावन के प्रथम सोमवार के दिन सभी कांवरिया सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर देवघर की ओर प्रस्थान करेंगे। इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क संघ के जत्थे में शामिल कांवरियों से नहीं लिया जाएगा। शिव भक्तों के पंजीयन हेतु संघ के सक्रिय सदस्य किशोर बर्मन के मोबाइल नंबर 8540986994 पर फोन कर शिवभक्त अपना पंजीयन करा सकते हैं। संवाददाता सम्मेलन में विकास सिंह, किशोर बर्मन, डॉक्टर अनिल कुमार सिंह, प्रोफेसर यू पी सिंह, राम अवधेश चौबे, अशोक गौड़, छोटेलाल सिंह, अमरेंद्र पासवान, राकेश लोधी, जीतू गुप्ता, अजय लोहार, गोपाल यादव, राकेश मंडल, सुशील शर्मा, मनोज ओझा, राम सिंह कुशवाहा, सुशील शर्मा, विकास दुबे, मनोज राय, दुर्गा दत्ता, प्यारेलाल साह, प्रमोद मालाकार आदि मौजूद थे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Advertisement
Advertisement
<


