
उदित वाणी, जमशेदपुर : धुर्वा डैम में 14 नवंबर की रात हुए भीषण हादसे में लापता चौथे पुलिसकर्मी सत्येंद्र भारद्वाज का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया. सत्येंद्र भारद्वाज मूल रूप से जुगसलाई स्थित रथ गली के निवासी थे. लगभग छह महीने पहले वे अपने नए बने घर मानगो संकोसाई रोड नंबर 5 में आकर रहने लगे थे. वर्ष 2023 में उनकी सरकारी नौकरी लगी थी, यानी पुलिस सेवा में उनका कार्यकाल अभी मात्र दो साल ही हुआ था. बताया गया कि वर्ष 2015 में उनकी शादी हुई थी, और उनके परिवार में एक चार साल की बेटी भी है. परिवार के सभी सदस्य इस हादसे के बाद से ही सदमे में हैं और लगातार जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे थे.
सोमवार सुबह शव को पोस्टमॉर्टम की औपचारिकता के बाद रांची से मानगो स्थित उनके आवास पर लाया गया. इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही. शव पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया और इलाके के लोग बड़ी संख्या में अंतिम दर्शनों के लिए उनके घर पहुंचे. कोर्ट के रजिस्ट्रार एस. तिग्गा समेत कई अधिकारी उनके आवास से पार्वती घाट तक अंतिम यात्रा में साथ रहे.
हादसे के बाद से पुलिस विभाग और स्थानीय प्रशासन लगातार घटनास्थल पर निगरानी बनाए हुए था. चारों पुलिसकर्मी उस रात डैम क्षेत्र में अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान पानी में बह गए थे, जिनमें से तीन शव पहले ही बरामद कर लिए गए थे. चौथे पुलिसकर्मी सत्येंद्र की तलाश रविवार तक जारी रही. सोमवार को उनका शव मिलने के साथ ही खोज अभियान समाप्त हो गया. पूरे घटनाक्रम से पुलिस विभाग में शोक की लहर है.

