
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावाँ : सरायकेला-खरसावाँ जिले के लिए गर्व की बात है कि उसे भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित “आदि कर्मयोगी अभियान” एवं “धरती आबा जनभागीदारी अभियान” के अंतर्गत देश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में चुना गया है.
यह उपलब्धि जिले में संचालित नवाचारी पहलों, समावेशी जनजातीय विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों, तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी के कारण संभव हुई है.
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 17 अक्टूबर 2025 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सरायकेला-खरसावाँ जिला सहित झारखंड के पाकुड़, जामताड़ा, सिमडेगा एवं लोहरदगा जिलों को सम्मानित किया जाएगा.
यह सम्मान जिले के जनजातीय सशक्तिकरण, भागीदारी आधारित विकास मॉडल और कर्मठ प्रशासनिक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है.
इस राष्ट्रीय समारोह में सरायकेला-खरसावाँ के उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) भी उपस्थित रहेंगे.
सरायकेला-खरसावाँ जिला प्रशासन एवं स्थानीय समुदाय के प्रयासों से यह मान्यता मिली है, जो जनजातीय विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में जिले की प्रगति को दर्शाती है. यह अभियान जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन एवं जीवन स्तर सुधार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रहा है.

