
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आस्था सिटी टाउन में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. घर के बाहर बने सेप्टिक टैंक में गिरकर एक मासूम की मौत हो गई. मृतक की पहचान पांच वर्षीय आदर्श कुमार के रूप में हुई है. आदर्श मानगो कुमरुम बस्ती निवासी तपन कुम्भकार का पुत्र था.
प्राप्त जानकारी के अनुसार तपन कुम्भकार मजदूरी का काम करते हैं और शुक्रवार को वह अपने पुत्र आदर्श को आस्था सिटी टाउन लेकर गए थे. दोपहर में खाना खाने के बाद बच्चा बाहर खेल रहा था. खेल-खेल में वह घर के बाहर बने खुले सेप्टिक टैंक में गिर गया. कुछ देर तक बच्चे के न मिलने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. इस दौरान बच्चे का चप्पल टैंक के पास मिला. संदेह होने पर जब टैंक में झांका गया तो बच्चा बेहोशी की हालत में मिला.
आनन-फानन में उसे मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. एमजीएम में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.
बताया जाता है कि तपन मजदूरी के कारण बेटे को अपने साथ लेकर आस्था सिटी टाउन आए थे और वहीं यह हादसा घटा. सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

