
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कसबा थाना क्षेत्र के यवनपुर रेलवे फाटक के पास पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार किशोरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सुबह लगभग पांच बजे उस समय हुई जब पांचों किशोर दशहरा मेला देखकर लौटते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। घायल किशोर को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान जिगर कुमार (14 वर्ष), सिंटू कुमार (13 वर्ष), कुलदीप कुमार (14 वर्ष) और सुंदर कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक बनमनखी प्रखंड के चांदपुर भंगहा गांव के रहने वाले थे और स्थानीय मखाना फैक्ट्री में काम करते थे।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

