
उदित वाणी, आदित्यपुर : शारदीय नवरात्रि के महा अष्टमी के मौके पर आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर का परिसर भजन, संगीत और नृत्य की मधुर ध्वनियों से गुंजायमान हो उठा. इस दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने सुबह और शाम आयोजित भजन-कीर्तन में छात्र-छात्राएं और प्राध्यापक बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं.

वहीं, भजन संध्या में पारंपरिक देवी गीतों से लेकर आधुनिक शैली में प्रस्तुत भक्ति संगीत तक की प्रस्तुति की जा रही है. ढोलक, मंजीरा, हारमोनियम और बांसुरी की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली और मनमोहक बना दिया. महाअष्टमी के अवसर पर सुबह से हीं माता का विधिवत और पुरे अनुष्ठान के साथ शुरू हुआ, जिसमें संस्कृत श्लोक और ढाकी की थाप पर पुरा परिसर भक्तिमय माहौल से सरोवर हो गया. दोपहर में आहुत महाप्रसाद में संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं महिलाओं ने भाग लिया.
जबकि संध्या भजन, नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुति हुई. कार्यक्रम की शुरुआत इंद्राणी सुत्रधर ने दुर्गा स्तुति से की और बंगला गाना गा कर माहौल को संगीतमय कर दिया वहीं संस्थान के निदेशक प्रो.(डॉ) गौतम सूत्रधर ने गिटार पर इंस्ट्रूमेंटल गीत की धुन पर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. वहीं, संगीत की धुन पर संस्थान के उप कुल सचिव सुनील कुमार भगत एवं अनामिका दिक्षित ने पारंपरिक गरबा और डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया. भक्ति गीत, संगीत और नृत्य के कार्यक्रम का संचालन डॉ रीना साहू ने किया.

