
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा स्थित कृति मैदान के पास रहने वाली 16 वर्षीय सिमरन लोहार ने सोमवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उस समय हुई जब उसके पिता उसे उठाने गए। दरवाजा अंदर से बंद था और कई बार आवाज देने पर भी नहीं खुला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि सिमरन दुपट्टे से फांसी लगाकर लटकी हुई थी।
परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। सिमरन के पिता, जो पेशे से मिस्री हैं, ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। मृतका के पास से एक मोबाइल फोन मिला है, जो परिवार की ओर से नहीं दिया गया था। फिलहाल सिमरन ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह पता चल सके। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

