
उदित वाणी, जमशेदपुर : टिमकेन इंडिया लिमिटेड जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों को इस साल 16.21 प्रतिशत बोनस मिलेगा. पिछले साल 19.75 फीसदी बोनस हुआ था. पिछले साल के मुकाबले इस साल बोनस 3.54 फीसदी कम हुआ है. सोमवार 15 सितंबर को प्रबंधन और यूनियन के बीच बोनस समझौता हुआ. समझौते में अगले अगले वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए बोनस का फार्मूला बना, जिसके मानदंड तय किए गए.
औसत बोनस एक लाख दो हजार रूपए
वेतन समझौते के अनुसार कर्मचारियों को न्यूनतम 85 हजार रुपए और अधिकतम एक लाख 20 हजार रूपए बोनस मिलेगा. बोनस की औसत राशि लगभग 102000 (एक लाख दो हजार रुपया) होगी. बोनस की राशि का भुगतान 16 सितंबर को कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में भेज दी जाएगी. बोनस का लाभ लगभग 200 कर्मचारियों को मिलेगा.
बोनस समझौता पर हस्ताक्षर प्रबंधन की ओर से सीनियर जेनरल मैनेजर मैन्युफैक्चरिंग राजीव शाश्वत, असिस्टेंट जेनरल मैनेजर ह्यूमन रिसोर्स दिनेश सिंह, मैनेजर फाइनेंस रौनक भाटिया, डिवीजनल मैनेजर मेंटेनेंस एंड प्रोजेक्ट नवीन कुमार, डिवीजनल मैनेजर क्वालिटी निशांत कुमार, डिप्टी मैनेजर इम्पलाई रिलेशंस अभिषेक हर्षदीप एवं यूनियन की ओर से अध्यक्ष आस्तिक महतो, महासचिव विजय यादव और अन्य पदाधिकारियों ने किया.

