
उदित वाणी, आदित्यपुर (का.प्र.): रेल प्रशासन के द्वारा आज आदित्यपुर रेलवे फाटक (पुराने) के पास सड़क किनारे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस दौरान वहाँ सड़क किनारे अवैध तरीके से बसे लोगों को हटाया गया. रेलवे के द्वारा यहाँ सड़क किनारे स्थित रेलवे की जमीन पर लूप लाईन का निर्माण कराया जायेगा, जिसकी तैयारी शुरु कर दी गई है.
सड़क निर्माण पर लगभग 10 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. स्थल पर मौजूद सीनियर सेक्शन इंजीनियर उपेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आदित्यपुर रेलवे टनल के ठीक बगल से फाटक तक जर्जर सड़क का निर्माण होगा. साथ ही सड़क के ठीक बगल में लूप लाईन का भी विस्तार होगा.
18 को नेपाली बस्ती से हटेगा अतिक्रमण
रेलवे के द्वारा शनिवार 18 जून को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में रेलवे पुल के किनारे बसे नेपाली बस्ती में अतिक्रमण हटाया जायेगा. इस हेतु आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है. इस संबंध में रेलवे के द्वारा नेपाली बस्ती के 17 घरों को चिह्नत कर वहाँ दो बार नोटिस दिया जा चुका है.
थानेदार ने संदिग्धों से कराई उठक-बैठक
नए थाना प्रभारी राजन कुमार आदित्यपुर थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को नियंत्रित करने तथा बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के प्रयास में जुट गए हैं. इसके तहत थाना प्रभारी स्वयं सुबह से शाम तक सड़क, गलियों एवं चौक-चौराहों की खाक छान रहे हैं. और इस दौरान सड़क और गली में अवारागर्दी करते दिखने वाले युवाओं की जमकर क्लास भी लेते हैं.
आरआईटी मोड़ पर आज ऐसा हीं नजारा देखने को मिला. क्योंकि गश्ती के क्रम में अचानक वहाँ पहुँचे थाना प्रभारी ने अचानक जाँच अभियान शुरु कर दिया. और देखते हीं देखते वहाँ मौजूद दर्जनों संदिग्ध युवकों को पकड़कर उनकी खूब क्लास ली. इस दौरान वहाँ मौजूद सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में थाना प्रभारी ने सबों की उठक-बैठक कराई तथा फिर भविष्य में दोबारा गलती न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया.इस दौरान वहाँ मौजूद सैकड़ों लोगों ने ताली बजाकर नए थाना प्रभारी तथा उनकी कार्यशैली का स्वागत किया.
नाबालिग सहित तीन पकड़ाये, मिला 30 पुडिय़ा ब्राऊन शूगर
आदित्यपुर पुलिस ने आज मुस्लिम बस्ती स्थित इमामबाड़ा के पास से 30 पुडिय़ा ब्राऊन शूगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है.
पकड़े गये आरोपियों के पास से पुलिस ने मोटर सायकिल संख्या-जेएच-5सीएन/4079 को भी बरामद किया है. पकड़े गए शेख मुबारक सहित तीनों आरोपियों से थाना प्रभारी राजन कुमार ने प्रारंभिक पूछताछ की. और उसके बाद दो युवकों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.
थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि उनके रहते थाना क्षेत्र में ब्राऊन शूगर का धंधा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. जरुरत पडऩे पर बस्ती-बस्ती में पुलिस चौकी खोली जायेगी. परन्तु ब्राऊन शूगर की बिक्री नहीं होने दी जायेगी. ब्राऊन शूगर कारोबारियों को धंधा बन्द करने अथवा क्षेत्र छोड़ देने की धमकी देते हुए थाना प्रभारी ने पकड़े जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी.


