
उदित वाणी, जमशेदपुर : आरवीएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बीबीए एवं बीसीए विभाग की ओर से संयुक्त रूप से एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य विषय था “थिंक डिजिटल, मार्केट स्मार्ट”.
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता रहे श्री पार्थ कबी, जो पूर्व में मैनेजिंग डायरेक्टर एवं ग्लोबल मीडिया लीडर रह चुके हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग के नवीनतम ट्रेंड्स, इनोवेटिव तकनीकों और व्यावसायिक अवसरों के विषय में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आज के दौर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ब्रांडिंग, प्रभावी संचार एवं रणनीतिक मार्केटिंग तकनीकों का इस्तेमाल व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का महत्वपूर्ण साधन बन चुका है.

श्री कबी ने छात्रों को मार्केटिंग के सिद्धांत, डिटेक्शन स्ट्रैटेजी तथा उद्यमिता में डिजिटल टूल्स की भूमिका पर भी अपने विचार साझा किए. व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछकर अपनी समझ को और गहरा किया.
सभा का संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष अधिकारी ने किया और अंत में डॉ. रेखा तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. कॉलेज प्रशासन और छात्रों ने इस ज्ञानवर्धक सत्र की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

