
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत एग्रिको क्रॉस रोड नंबर-3 निवासी और टाटा स्टील मैन्युफैक्चरिंग विभाग में कार्यरत 28 वर्षीय विकास कुमार तिवारी की रविवार की सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सुबह परिजनों ने जब उन्हें कमरे में अचेत पाया, तो उनका शरीर नीला पड़ा हुआ था। परिजन आनन-फानन में उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, विकास शनिवार की शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल हुए थे। वहां से वे रात करीब 10 बजे घर लौटे और सीधे कमरे में सोने चले गए। उस समय घर में उनकी छोटी बहन थी, जबकि माता-पिता दो माह पूर्व गांव गए हुए थे। रविवार की सुबह करीब नौ बजे तक जब वे कमरे से बाहर नहीं निकले, तो बहन ने दरवाजा खोला। अंदर विकास अचेत पड़े थे और उनके शरीर का रंग नीला पड़ चुका था। यह देखकर बहन घबरा गई और शोर मचाया। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ की है और कहा है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल शव को टीएमएच शीतगृह में रखवाया गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत का सही कारण सामने आएगा।
मृतक के भाई पुनित कुमार तिवारी ने इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास की असामयिक और रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा फैला दिया है।

