
उदित वाणी, जमशेदपुर : आज़ादनगर थाना अंतर्गत येसु भवन, कुंवर बस्ती और चाणक्यपुरी इलाकों में बुधवार की देर शाम पुलिस ने असामाजिक तत्वों की अड्डेबाज़ी पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष छापामारी अभियान चलाया. थाना प्रभारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल ने इन संवेदनशील इलाकों में दबिश दी.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से इन क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं. स्थानीय नागरिकों ने भी थाना परिसर में आवेदन देकर अड्डेबाज़ी पर रोक लगाने की मांग की थी. इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक साथ कई बस्तियों को घेर कर छानबीन की.
अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे और गली-मोहल्लों में खड़े संदिग्ध युवकों से पूछताछ की. कई को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी की गतिविधियों की बारीकी से जांच की जाएगी. जिनके विरुद्ध ठोस सबूत मिलेंगे, उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
थाना प्रभारी ने बताया कि यह छापामारी क्षेत्र की शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से की गई है. उन्होंने कहा कि अड्डेबाज़ी, शराब सेवन, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार का अभियान लगातार चलाया जाएगा, ताकि असामाजिक तत्वों में भय का माहौल कायम हो.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों या अपराधियों की सूचना तुरंत थाना को दें. नागरिकों का सहयोग मिलने पर ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है.
यह कार्रवाई क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने वाली साबित हुई है. छापामारी से असामाजिक तत्वों को साफ संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
