
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी करने वाली एक महिला को आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिला की पहचान बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली पल्लवी देवी उर्फ निशा के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 3700 रुपये नगद, एक सोने का चेन, सोने का मंगलसूत्र और अन्य सामान बरामद किया है.
मामला 19 अगस्त का है, जब टाटानगर स्टेशन से एक महिला यात्री का पर्स और कीमती सामान चोरी हो गया था. पीड़िता ने इसकी शिकायत जीआरपी थाने में दर्ज कराई थी. मामले की जांच आरपीएफ ने शुरू की और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसमें एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध दिखीं. पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे दबोच लिया.
पूछताछ में पल्लवी देवी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इस तरह की घटनाओं को अंजाम देती आ रही है. उसका तरीका था कि वह ट्रेन में चढ़ते या उतरते समय महिलाओं को ही निशाना बनाती थी. उस दौरान वह उनके बैग, पर्स या गहनों पर हाथ साफ कर लेती थी.
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी महिला पेशेवर अपराधी है और कई स्टेशनों पर इस तरह की चोरी में शामिल रही है. फिलहाल उसे जीआरपी के हवाले कर दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है.
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना आरपीएफ या जीआरपी को दें.

