
उदित वाणी, जमशेदपुर : आबकारी विभाग को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी जब बिरसानगर के दुखुडीह जंगल स्थित एक सुनसान इलाके में संचालित हो रही अवैध नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। विभाग की 15 सदस्यीय टीम ने तड़के छापेमारी कर मौके से लाखों रुपये की शराब और भारी मात्रा में शराब बनाने व पैक करने से जुड़ी सामग्री जब्त की।
अवर उत्पाद निरीक्षक रामदेव पासवान ने बताया कि जैसे ही टीम फैक्ट्री के करीब पहुंची, फैक्ट्री का मालिक मौके से फरार हो गया। फैक्ट्री पूरी तरह सुनसान इलाके में संचालित थी, जहां नकली शराब का धंधा लंबे समय से चल रहा था। छापेमारी में दो ड्रम रंगीन नकली शराब के साथ-साथ विभिन्न ब्रांड जैसे मैकडॉनल्ड और रॉयल चैलेंज के नाम पर भरी गई शराब की बोतलें बरामद की गईं।
इसके अलावा मौके से करीब 2000 खाली शराब की बोतलें, 2000 स्टिकर और ढक्कन भी जब्त किए गए। खाली बोतलों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया जबकि अन्य सामान विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।
अभियान में उत्पाद निरीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक अवर निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, सहायक अवर निरीक्षक राम हरि महतो सहित विभाग के अन्य जवान शामिल रहे।
विभाग अब फरार फैक्ट्री संचालक की तलाश में जुट गया है। प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट किया गया है कि अवैध शराब कारोबार में लिप्त किसी को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में इस तरह की गतिविधियों पर लगातार सख्त नजर रखी जाएगी।

