
उदित वाणी, जमशेदपुर : गुरुवार रात डोबो पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेमी युगल ने आपसी विवाद के बाद नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की। घटना रात करीब 10 बजे की है। सूत्रों के अनुसार, सोनारी बिरसा बस्ती की रहने वाली एक युवती और गणेश नामक युवक के बीच पिछले तीन-चार महीनों से शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। गणेश राज्य के बाहर काम करता है और बुधवार को ही घर लौटा था।
घर लौटने के बाद किसी वैवाहिक मुद्दे पर दोनों में कहासुनी हो गई। मामूली बात से शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे गंभीर रूप ले बैठा। आपसी तनाव के बीच दोनों ने चरम कदम उठाने का मन बना लिया और डोबो पुल पहुंचकर नदी में कूदने का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान पुल से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने उन्हें संदिग्ध अवस्था में देखा और रोकने की कोशिश की। लेकिन स्थिति नाजुक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके बाद युगल को सोनारी थाना लाया गया, जहां उनके परिजनों को बुलाकर मामले की जानकारी दी गई। थाने में दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान कराया गया। समझौते के बाद युवती और युवक को घर भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह का कदम उठाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
पुलिस ने घटना में सहयोग देने वाले स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया और अपील की कि समाज में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए लोग तत्परता से आगे आएं, ताकि किसी की जान समय रहते बचाई जा सके।

