
उदित वाणी, आदित्यपुर: नई दिल्ली में 29 जुलाई को आयोजित अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2025 में आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के ईएमसी सेक्टर स्थित एकता हेल्थ केयर एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंट सिस्टम के सीईओ नीरज कुमार मिश्रा ने अपने सहयोगियों नीरु टुडू, सिद्धार्थ और अँश के साथ हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नई शिक्षा नीति की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना था, और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था।
नीरज मिश्रा ने बताया कि उनके संगठन ने नई शिक्षा नीति के तहत एआई और नैनो तकनीक से जुड़ी उन्नत प्रशिक्षण पद्धतियों को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा, “हमने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को एकीकृत प्रशिक्षण मॉड्यूल और शैक्षिक उत्पादों के रूप में गर्व के साथ पेश किया, जो प्रशिक्षु प्रशिक्षण के उद्देश्यों के अनुरूप हैं।”
मिश्रा के अनुसार, शिक्षा मंत्री ने उनके नवाचार को औपचारिक रूप से स्वीकार किया, जिसे एडटेक और राष्ट्रीय शिक्षा सुधार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। यह आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी सुधारों के प्रति उनके संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

