
उदित वाणी, पटमदा : कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माकुला गांव निवासी अशोक माझी की रविवार रात एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. वह पेशे से राजमिस्त्री था और रविवार को फदलोगोड़ा से काम कर लौटने के बाद बाइक से पश्चिम बंगाल के पूंचा थाना क्षेत्र के छोलागोड़ा गांव जा रहा था.
ट्रैक्टर की चपेट में आई बाइक, मौके पर मौत
करीब रात 9 बजे पूंचा बाजार के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी बाइक टकरा गई. ट्रैक्टर खेत की जुताई कर सिंगल हेडलाइट में लौट रहा था. अंधेरे और एकतरफा रोशनी की वजह से ट्रैक्टर दिख नहीं पाया, जिससे बाइक ट्रैक्टर के कैजुअल हिस्से से टकरा गई. इस टक्कर में अशोक माझी को गंभीर चोटें आईं.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही पूंचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अशोक को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सोमवार सुबह कमलपुर थाना के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई.
शव का पोस्टमार्टम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अगले दिन परिजन जब पूंचा थाना पहुंचे तो शव को पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया. मौके पर समाजसेवी अबोध कालिंदी, नीलकमल महतो, वनमाली माझी और सुनील महतो आदि मौजूद रहे.
बताया गया कि अशोक माझी दो भाइयों में बड़ा था और परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसके पीछे पत्नी और एक छोटा बेटा है. उसकी असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी शोक की लहर है.

