
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुईयाडीह कालिंदी बस्ती में रविवार देर शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर धर्म परिवर्तन के कथित मामले का पर्दाफाश किया. पुलिस को सूचना मिली थी कि बस्ती में लंबे समय से लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीतारामडेरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि कुछ लोग एकत्र होकर धार्मिक अनुष्ठान कर रहे थे. पूछताछ में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद एक महिला समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने लाया गया. पुलिस ने मौके से धार्मिक सामग्री और कुछ दस्तावेज भी बरामद किए हैं.
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से बस्ती में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी. लोगों को संदेह हुआ कि यहां कुछ गड़बड़ चल रही है. इसी क्रम में किसी ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. स्थानीय निवासियों के अनुसार, लोगों को पैसों, नौकरी और अन्य सुविधाओं का लालच देकर धर्म परिवर्तन करने का प्रयास किया जा रहा था.
गोलमुरी घटना से जोड़ रही पुलिस कड़ी
गौरतलब है कि शुक्रवार को गोलमुरी क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था. वहां भी प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया गया था. लगातार दो दिनों में धर्म परिवर्तन के मामलों के सामने आने से पुलिस सतर्क हो गई है. पुलिस अब भुईयाडीह और गोलमुरी की घटनाओं के बीच संबंध तलाशने में जुटी है. संभावना जताई जा रही है कि दोनों जगहों पर एक ही नेटवर्क सक्रिय हो सकता है.
सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है. उनके बयानों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील मामलों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी.
पुलिस के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है. इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. पुलिस ने आसपास के अन्य इलाकों में भी निगाहें बढ़ा दी है.
इस घटना के बाद भुईयाडीह कालिंदी बस्ती में तनाव का माहौल है. लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है.
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद इस नेटवर्क के सभी लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी. इस बीच, हिरासत में लिए गए लोगों से लगातार पूछताछ चल रही है और कई अहम सुराग हाथ लगे हैं.
शहर में लगातार ऐसे मामलों के सामने आने से प्रशासन सतर्क हो गया है. अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए रणनीति बना रही है. स्थानीय लोग भी प्रशासन से इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
भुईयाडीह और गोलमुरी की घटनाओं ने शहर में धर्म परिवर्तन के मुद्दे को गरमा दिया है. अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच में आगे क्या नया खुलासा होता है.

