
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड बस्ती निवासी सागर मुंडा और यशोदा नगर निवासी मिथुन ठाकुर उर्फ महेश ठाकुर के रूप में हुई है.
पहला मामला बुधवार रात का है, जब परसुडीह थाना के ठीक सामने स्थित किशोरी महतो के होटल से अज्ञात चोरों ने मोबाइल चोरी कर ली थी. घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के क्रम में शुक्रवार सुबह पुलिस ने झारखंड बस्ती निवासी सागर मुंडा को चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत किया गया.
पीड़ित होटल संचालक किशोरी महतो ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के निवासी हैं और पिछले पांच वर्षों से परसुडीह थाना के सामने ही होटल चला रहे हैं. चोरी की रात आरोपी सागर मुंडा होटल में ग्राहक बनकर आया था और मौका देखकर काउंटर के पास रखे मोबाइल को चुपचाप चुरा कर फरार हो गया.
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने जी.आर. नंबर 431/16 के तहत न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर यशोदा नगर निवासी मिथुन ठाकुर उर्फ महेश ठाकुर को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, मिथुन ठाकुर काफी समय से फरार चल रहा था और न्यायालय से उसके खिलाफ स्थायी वारंट निर्गत था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे शुक्रवार को उसके आवास से धर दबोचा.
परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई पूरी कर ली गई है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी और अपराध की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अब गश्ती और निगरानी को और सख्त करने की दिशा में काम कर रही है. स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
