
उदित वाणी, आदित्यपुर: इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, मंडल कार्यालय रांची द्वारा शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित आशियाना फ्यूल एंड सर्विस सेंटर (पान दुकान चौक) में लक्की ड्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीलरशिप के नियमित ग्राहक राजनगर निवासी सुभाष महतो को प्रथम पुरस्कार के रूप में हीरो मोटरसाइकिल प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इंडियन ऑयल के डीएसआरएच पंकज कुमार ने विजेता सुभाष महतो को मोटरसाइकिल की चाभी और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। मोटरसाइकिल प्राप्त कर सुभाष महतो ने खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि पेट्रोल खरीदने पर इतना बड़ा पुरस्कार मिला। उन्होंने इसके लिए पेट्रोल पंप की प्रोपराइटर आरती कुमारी के प्रति आभार प्रकट किया।
इंडियन ऑयल के सेल्स ऑफिसर अभिनव कुमार ने बताया कि लक्की ड्रा का आयोजन मानसून फुटबॉल फीवर (डुरंड कप) 2024-25 के तहत किया गया था। इसके अंतर्गत इंडियन ऑयल के चयनित पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को लक्की ड्रा में भाग लेने का अवसर दिया गया, जिसमें सुभाष महतो ने आशियाना फ्यूल एंड सर्विस सेंटर से पेट्रोल खरीदा और भाग्यशाली विजेता बने।
इस मौके पर इंडियन ऑयल के पदाधिकारी अश्विनी कुमार मीणा, संजोग प्रसाद, तुषार महतो, मुकेश कुमार, राकेश कुमार, ममता खरे, अंजली कुमारी, राम पदम महतो और जगन्नाथ महतो समेत बड़ी संख्या में डीलर और ग्राहक उपस्थित थे।

