
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : समाहरणालय स्थित सभागार में 18 जुलाई 2025 को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला उत्पाद परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर नगर आयुक्त (नगर निगम आदित्यपुर) रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, उत्पाद अधीक्षक सौरव तिवारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
सर्वसम्मति से 53 दुकानों को मिली स्वीकृति
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 (मार्च 2025 से मार्च 2026) के लिए देसी शराब की 07 और कंपोजिट शराब की 46 दुकानों को स्वीकृति दी गई. इस प्रकार कुल 53 खुदरा उत्पाद दुकानों के संचालन हेतु प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया.
धार्मिक स्थलों और स्कूलों के पास नहीं खुलेगी दुकान
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि खुदरा शराब दुकानों के स्थलों का चयन करते समय धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों आदि से निर्धारित दूरी बनाए रखने के नियमों तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा.
कानून-व्यवस्था पर भी रहेगी नजर
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन स्थलों का चयन किया गया है, वहां विधि-व्यवस्था की किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इस दिशा में प्रशासन विशेष सतर्कता बरतेगा.
इस बैठक को शराब दुकानों के संचालन में पारदर्शिता, नियमों का अनुपालन, और जनहित के संतुलन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

