
उदित वाणी, सरायकेला : पंचायती राज विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में सरायकेला स्थित जिला पंचायत संसाधन केंद्र सभागार में शुक्रवार को ‘पंचायत नेत्री अभियान’ के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो और अन्य महिला जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर संयुक्त रूप से किया गया.
महिला प्रतिनिधियों को सशक्त करने की पहल
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पंचायतों में निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों को सशक्त बनाना, उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना और शासन की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल महिला मुखियाओं को पति-आश्रित भूमिका से बाहर निकालकर उन्हें निर्णय लेने और नेतृत्व करने की स्वतंत्रता प्रदान करेगी.
प्रशिक्षण से मिलेगा नेतृत्व का आत्मबल
उपायुक्त ने कहा कि यह प्रशिक्षण महिला प्रतिनिधियों को न केवल सम्मान देगा, बल्कि उन्हें गाँव के विकास की धुरी बनने के लिए प्रेरित करेगा. उन्होंने कहा कि महिलाएं अब केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि बदलाव की प्रतिनिधि बन रही हैं.
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक मजबूत समाज के लिए मजबूत माँ, बेटी और बहू का सशक्त होना आवश्यक है. महिला प्रतिनिधि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से सामने लाती हैं.
पंचायत विकास में महिला भागीदारी पर बल
उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपनी इच्छाशक्ति को मज़बूत करें और पंचायत के समग्र विकास हेतु कर्तव्यों का पालन करें. उन्होंने 15वें वित्त आयोग की राशि के विवेकपूर्ण उपयोग का सुझाव देते हुए कहा कि इससे न केवल सुविधाएँ विकसित होंगी, बल्कि राजस्व संग्रहण के स्रोत भी बढ़ेंगे.
महिला सशक्तिकरण की ओर प्रभावी कदम
जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि यह कार्यक्रम महिला प्रतिनिधियों का मनोबल बढ़ाएगा और वे विकास की रफ्तार को तेज करने में समर्थ होंगी. उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनेंगी, तो समाज का समग्र विकास संभव होगा और अन्य महिलाएं भी प्रेरणा लेंगी.
कार्यक्रम में प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधि मौजूद रहीं.

